ग्वालियर।
ग्वालियर में पड़ाव थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लग्जरी लाइफ जीने और युवतियों के सामने रौब जमाने के शौक में लगातार बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिड़ियाघर के पास इटालियन गार्डन के सामने नाले के पास कुछ चोरी की बाइक छिपाकर रखी गई हैं और आरोपी उन्हें एक-एक कर बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
इस दौरान दो युवक अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय श्याम गुर्जर उर्फ श्यामू, निवासी कैथोरा थाना एंडोरी जिला भिंड के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बाजार, कोचिंग सेंटर और मल्टी पार्किंग से बिना व्हील लॉक लगी बाइकों को मास्टर चाबी की मदद से चोरी करता था।
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने कोतवाली मुरैना क्षेत्र से चोरी की गई एक बुलेट बाइक बेचकर आईफोन खरीदा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नाले के पास छिपाई गई चार अन्य चोरी की बाइक भी बरामद कर ली हैं।
फिलहाल आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और अन्य चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ जारी है।
Hashtags:
#VigorousNewz #VigorousNewzGwalior #Gwalior #GwaliorNews #VNGwalior #CrimeNews #VehicleTheft #MPPolice
0 टिप्पणियाँ