ग्वालियर।
शहर के थोक दवा बाजार में नकली आयुर्वेदिक दवाओं की अवैध सप्लाई के खिलाफ आयुष विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को की गई छापामार कार्रवाई में एडवांस बॉडी ग्रोथ पाउडर के लगभग 300 नकली डिब्बे जब्त किए गए।
यह कार्रवाई जिला आयुष अधिकारी डॉ. भरत उज्जैनिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई, जिसमें आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुमित शर्मा और डॉ. विशाल सक्सेना शामिल रहे।
आयुष विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एडवांस बॉडी ग्रोथ पाउडर नामक आयुर्वेदिक उत्पाद को नकली तरीके से तैयार कर अवैध रूप से बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने वाहन क्रमांक MP 07 CK 8662 को रोका, जिसमें उक्त उत्पाद के 300 डिब्बे लोड पाए गए। मौके पर अभिषेक शर्मा और आशीष शर्मा माल के साथ मौजूद थे।
पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों द्वारा 31,500 रुपये का एक बिल और निर्माण अनुमति से संबंधित एक पत्र दिखाया गया, लेकिन जब टीम ने निर्माण इकाई का वैध लाइसेंस मांगा तो कोई भी अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. उज्जैनिया ने बताया कि यह पूरा मामला नकली उत्पाद के निर्माण और विक्रय से जुड़ा है। सत्यम फार्मेसी द्वारा पहले ही शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी कि उनके मूल उत्पाद की नकल कर बाजार में बिक्री की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित उत्पाद का लाइसेंस 23 दिसंबर 2025 को निरस्त किया जा चुका था, इसके बावजूद इसका निर्माण और विक्रय किया जाना गंभीर अपराध है।
आयुष विभाग ने जब्त की गई सामग्री को सुरक्षित कब्जे में ले लिया है और मामले में संबंधित थाने में वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नकली दवाओं के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, क्योंकि यह सीधे आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है।
0 टिप्पणियाँ