
इंदौर। शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पद अब तक खाली है। कांग्रेस के कई उम्मीदवार इसके लिए हाईकमान के पास छिंदवाड़ा से लेकर भोपाल और दिल्ली तक दौड़ लगा चुके हैं। इसके बाद भी इंदौर में शहर अध्यक्ष के पद पर किसी की नियुक्ति नहीं हुई है। पद को लेकर कांग्रेसियों के बीच खींचतान जारी है।
बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमीनुल खान सूरी ने यह वीडियो शेयर किया। सूरी ने बताया कि यह वीडियो 2 दिन पहले एक भजन संध्या आयोजन का है, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल अरविंद बागड़ी भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, उनके हाथ में भगवा ध्वज भी लहरा रहा है। डॉक्टर अमीनुल खान सूरी ने ट्विटर पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा- इस तरह से कांग्रेस का कैसे भला होगा?
आलाकमान को किया आगाह
अमीनुल खान सूरी ने कहा कि जिस जुगलबंदी को लेकर हमने पहले भी हाईकमान को आगाह किया था, बागड़ी की वह जुगलबंदी अब भी दिख रही है। हम इसी वजह से अरविंद बागड़ी को शहर अध्यक्ष बनाने के विरोध में थे, क्योंकि उनकी जुगलबंदी भाजपा के साथ अधिक है। सूरी ने दिग्विजय सिंह, कमलनाथ सहित आलाकमान को इस वीडियो की जानकारी खुद साझा की है। सूरी ने कहा है कि यदि इस प्रकार के शहर अध्यक्ष होंगे तो आने वाले समय में कांग्रेस की क्या दशा हो सकती है।
0 टिप्पणियाँ