भाजपा विधायक से बोला चायवाला ,साहब चाय के बकाया चुका दो


• ४ साल बाद मिले तो खरी-खोटी सुनाई

भोपाल
प्रधानमंत्री मोदी सभाओं में अक्सर खुद को चाय बेचने वाला बोला करते हैं। लेकिन उनके पार्टी के नेता द्वारा चाय बेचने वाले का पैसा नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में भाजपा विधायक को बीच सड़क पर एक चायवाले ने घेर लिया। पहले तो उसने निवेदन करते हुए कहा कि साहब मेरे चाय के बकाए ३० हजार रुपए दे दो। इसके बाद उसने विधायक महोदय को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो जिले के इछावर विधानसभा स्थित बरखेड़ी गांव का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक जिले की इछावर विधानसभा से भाजपा विधायक करण सिंह वर्मा एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्राम बरखेड़ी जा रहे थे। उसी दौरान सड़क पर एक चायवाले ने कुछ लोगों के साथ विधायक के काफिले को रोक लिया और अपने चाय के ३० हजार रुपए मांगने लगा। बताया जा रहा है कि चायवाले ने साल २०१८ के विधानसभ चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी करण सिंह वर्मा के समर्थकों को चाय पिलाई थी। उसी समय के ३० हजार रुपए विधायक पर बकाया थे। अब करीब ४ साल बाद विधायक वर्मा एक कार्यक्रम के सिलसिले में उस क्षेत्र में गए तो उनको चायवाले ने पैसों की याद दिलाई।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि इछावर विधायक करण सिंह वर्मा अपने समर्थकों के साथ कार में बैठे हैं। बाहर कुछ लोग उनकी गाड़ी को घेरकर खड़े हैं। एक शख्स कहता सुनाई दे रहा है, ये विधायक साहब पैसे नहीं दे रहे हैं। बहुत दिन हो गए हैं। ४ साल के बाद अब आए हैं। गरीब चाय वाले के पैसे नहीं दे रहे हैं। जवाब में विधायक वर्मा बोलते हैं कि मैंने तो दे दिए। इसके बाद चायवाला बोलता है कि आपने कहा था कि बेटा चाय बना, जो भी दिक्कत आएगी उसके लिए मैं हूं। मैं आपके पास कितनी बार आ चुका हूं। उसकी बात सुनकर विधायक ने कहा कि आप परसों आ जाना।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ