लहार अतिक्रमण मामले में कमिश्नर का दौरा ,सीएमओ सस्पेंड


भिंड. लहार में अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए बवाल के बाद नगरपालिका सीएमओ महेश पुरोहित को सस्पेंड कर दिया गया। गुरुवार को नगरीय प्रशासन संचालनालय की ओर से इसके आदेश भी जारी कर दिए गए। इधर, दूसरे दिन कमिश्नर दीपक सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाकर बात की। बुधवार सुबह से बीजेपी कार्यकर्ता थाने पर धरने पर बैठे थे। रात 12 बजे उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया।

प्रशासन ने सीएमओ को ग्वालियर संभाग में अटैच किया
दरअसल, लहार में बुधवार सुबह प्रशासनिक अमले ने मुख्य मार्ग पर स्थित एक व्यापारी के मकान का अगला हिस्सा तोड़ दिया था। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया। बीजेपी कार्यकर्ता भी समर्थन में उतर आए। उन्होंने बगैर नोटिस और लहार विधायक डॉ. गोविंद सिंह के दबाव में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। नाराज व्यापारी और बीजेपी कार्यकर्ता बुधवार सुबह 11 बजे से बाजार बंद कर थाने के सामने धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद प्रशासन ने सीएमओ पुरोहित को संभागीय कार्यालय नगरीय प्रशासन चंबल और ग्वालियर संभाग में अटैच कर दिया गया। उधर, सीएमओ ने व्यापारियों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मारपीट का आरोप लगाया।

कमिश्नर ने किया दौरा, दोनों पक्षों को दिया आश्वासन
गुरुवार को कमिश्नर दीपक सिंह लहार पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उनके साथ कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान भी मौजूद रहे। कमिश्नर ने सर्किट हाउस में दोनों पक्षों से मिलकर चर्चा की। दोनों पक्षों के वकीलों से भी बात की। कमिश्नर ने दोनों पक्षों की बात सुनकर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ