कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने किया "किसान तक" यूट्यूब चैनल का शुभारंभ


देश के किसानों के लिए समर्पित ‘इंडिया टुडे’ ग्रुप का डिजिटल चैनल ‘किसान तक’ (Kisan Tak) मंगलवार को लॉन्च हो गया। नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र तोमर ने ‘किसान तक’ यू-ट्यूब चैनल का उद्घाटन किया।

उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री परषोत्तम रूपाला भी मौजूद रहे, जिन्होंने ‘किसान तक’ (https://www.kisantak.in/) वेबसाइट का उद्घाटन किया। तोमर और रूपाला समेत कई गणमान्य कार्यक्रम में मौजूद रहे।

‘किसान तक समिट’ में इंडिया टुडे समूह के डिजिटल चैनल को लॉन्च करते हुए केंद्रीय कृषि‍ एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म 'किसान तक' किसान कल्याण का माध्यम बनेगा। तोमर ने किसान तक समिट 2023 में कहा कि पीएम मोदी किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहते हैं।

कृषि मंत्री ने कहा, यदि छोटे किसान की ताकत नहीं बढ़ेगी तो देश की अर्थव्यवस्था की ताकत भी नहीं बढ़ेगी, क्योंकि छोटे किसानों की हिस्सेदारी 85 प्रतिशत तक है। कोरोना संकट में भी किसानों ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे किसानों को ताकतवर बनाने के लिए एफपीओ को टूल बनाया जा रहा है जिससे किसान समूह में खेती कर खेती को आसान बना सकेंगे। किसान समूह में खेती करेंगे तो क्रॉप पैटर्न से लेकर तकनीक पर विचार करेंगे।

तोमर ने कहा कि क्लस्टर में खेती करने से किसान की बाजार में ताकत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ाना होगा। बीते सालों में कृषि को छोड़कर सभी क्षेत्रों निजी निवेश को बढ़ाने के हर संभव उपाय किए गए। तोमर ने कहा कि पिछली सरकारों ने कृषि क्षेत्र में निजी निवेश के लिए दरवाजे खोलने के समुचित उपाय नहीं किए गए। अब पशुपालन क्षेत्र में 15 हजार करोड़ रुपए, हर्बल खेती के लिए 4 हजार करोड़ रुपए और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र सहित समूचे कृषि क्षेत्र में कुल 1.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश के उपाय किए गए।

'किसान तक' हिंदी मीडिया जगत का ऐसा ऑनलाइन चैनल है, जो किसानों के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है। इसकी हर एक सामग्री खेती-किसानी और किसानों के कल्याण से जुड़ी है। 'किसान तक' टेक्स्ट के साथ-साथ यू-ट्यूब (https://www.youtube.com/@kisantakofficial) पर भी उपलब्ध है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ