भोपाल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को मुंबई में संत रोहिदास जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि जाति भगवान ने नहीं बनाई है, जाति पंडितों ने बनाई जो गलत है। इस पर संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि मैं ब्राह्मण होने के नाते इस बात का विरोध करता हूं। राजनीति में अगर वोट चाहिए तो इसका मतलब यह नहीं कि किसी को बड़ा दिखाने के चक्कर में दूसरे को नीचा दिखाया जाए।
चंद्रशेखर तिवारी बोले- दुर्भाग्य यह है कि…संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने आगे कहा कि खेल, राजनीति, व्यापार, समाज, विश्व, संगीत, शिक्षा, सुरक्षा, विज्ञान किसी भी जगह देखा जाए तो ब्राह्मण ही शीर्ष पर होंगे। दुर्भाग्य यह है कि ब्राह्मण खुद को गुलाम मान चुका है। भगवा के पीछे चलने के अलावा उसके पास कोई दूसरा विकल्प भी नहीं बचा। यह समय-समय की राजनीति है या फिर यूं कहें कि समय की अनुकूलता वाली राजनीति का समर्थन करते-करते ब्राह्मण एक दिन अपने सबसे निचले स्तर को भी देखेगा। चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि जिस पार्टी का हम सिर्फ भगवा और अखंड भारत के उद्देश्य के लिए समर्थन करते हैं, अगर उस पार्टी को पैदा करने वाले संगठन के प्रमुख का यह मानना है कि पंडित झूठ बोलते हैं तो यह बर्दाश्त के बाहर है।
0 टिप्पणियाँ