
भोपाल। भोपाल पुलिस ने कोहेफिजा और हनुमानगंज थानाक्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिये लोन लेकर 62 लाख रुपए के लोन फ्रॉड का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो बैंक मैनेजरों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक व्यवसाय के नाम पर लोन की यह धोखाधड़ी सिंडीकेट और यूको बैंक के मैनेजरों और कर्मचारियों की मिलीभगत से हुई। डीसीपी जोन – 3 रियाज इकबाल ने मामलों का खुलासा करने वाली दोनों थानों की टीमों को 10-10 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हड़प लेते थे सब्सिडी
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी लघु उद्योग और व्यवसाय के लिए मिलने वाली सरकारी सब्सिडी में धोखाधड़ी करते थे। उन्होंने बताया कि बैंक कर्मचारियों और मैनेजरों की मिलीभगत से आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिये लोन पास करवा लेते थे। इसके बाद एक-दो किस्तें भरने के बाद ये किस्त चुकाना बंद कर देते थे। दोनों ही थाना क्षेत्रों में हुए फ्रॉड के जरिये एक ही खाते में लोन की रकम जमा हुई।

0 टिप्पणियाँ