सावधन : लाल आंख है। ! ....सामने आया कोरोना का नया लक्षण ,

कोरोना से भी हो सकता है कंजक्टिवाइटिस
१० दिनों तक रह सकता है बुखार

(साकांक्ष ब्यूरो )

कोरोना ऐसी महामारी बन कर उभरी है, जिसके अब तक न जाने कितने लक्षण आ चुके हैं। अब एक और नए लक्षण ने डॉक्टरों को चौकन्ना कर दिया है। यह है आंखों का लाल होना। यानी अगर आपकी आंखें लाल हो रही हैं तो ये कोरोना के लक्षण हो सकते हैं।
कोरोना का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार कई बार आंखों का लाल होना भी कोरोना का लक्षण हो सकता है। आमतौर पर लोग इसे आम इंफेक्शन या कंजक्टिवाइटिस मानकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन ये कंजक्टिवाइटिस कोरोना की वजह से भी हो सकता है।
एम्स में पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर विजय हुड्डा ने ट्विटर पर कोरोना के कुछ नए लक्षणों के बारे में जानकारी दी है। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर ने देश को बुरी तरह जकड़ रखा है। हर दिन कोरोना के नए मामले बढ़ते जा रहे हैं। पहली लहर की तुलना कोरोना की इस लहर में कई लक्षण भी अलग हैं। यही वजह है कि कई लोग इसे समझ नहीं पा रहे हैं और नजरअंदाज करने की वजह से स्थिति गंभीर हो जा रही है। कोरोना के नए लक्षण- बुखार, गला खराब होना, जुकाम होना, शरीर-मांसपेशियों में दर्द और थकावट जैसे आम लक्षणों के अलावा इस लहर में कुछ अन्य लक्षण भी देखे जा रहे हैं। कुछ मरीजों में दस्त, पेट में दर्द, बदन टूटना, उल्टी आना, स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसे नए लक्षण देखने को मिल रहे हैं। डॉक्टर हुड्डा का कहना है कि कोरोना की पहली लहर में बुखार, सांस की दिक्कत या अन्य लक्षण वाले मरीज ५-७ दिनों में ठीक हो जाते थे। इस लहर में मरीजों को १० दिनों तक भी बुखार रहता है। डॉ. हुड्डा का कहना है पिछले एक साल से हम देख रहे हैं कि कोरोना किसी भी रूप में सामने आ सकता है। मरीजों को कुछ भी नया महसूस हो तो उन्हें अपने डॉक्टरों को तुरंत इसे बताना चाहिए। कुछ भी नया और अजीब महसूस हो तो उसे कोरोना का लक्षण ही मानकर चलना चाहिए। डॉक्टर हुड्डा कहते हैं कि इस समय डॉक्टर को भी हर तरह के लक्षण को कोरोना का लक्षण ही मानकर चलना चाहिए और मरीजों को तुरंत कोरोना का टेस्ट कराने की सलाह देनी चाहिए। इसके बाद प्रोटोकॉल के तहत मरीज का इलाज शुरू कर देना चाहिए।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी.के. पॉल ने भी प्रेस कॉन्प्रâेंस में बताया था कि अगर केवल सिर दर्द और बदन दर्द हो रहा हो तो ये भी कोविड का लक्षण हो सकता है। कोरोना के कुछ आम लक्षण भी हैं जो जानकारी के अभाव में बहुत जल्द गंभीर हो जा रहे हैं। इसलिए ऐसे किसी भी लक्षण को बिल्कुल नजरअंदाज ना करें। कोरोना वायरस का सबसे अजीब लक्षण स्वाद और सुगंध का चला जाना है। मेडिकल भाषा में इसे एनोस्मिया कहते हैं। कुछ लोगों को ये बुखार आने से पहले महसूस होता है, जबकि कुछ लोगों को सिर्फ यही लक्षण महसूस हो सकता है। जिन लोगों को सिर्फ स्वाद और सुगंध जाने की दिक्कत होती है उन्हें  ठीक होने में ६-७ सप्ताह का समय लग सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ