पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री एवं देवास जिले की प्रभारी सुश्री Usha Thakur ने देवास के औद्योगिक क्षेत्र में रेडक्रास सोसायटी, नगर निगम, जिला प्रशासन एवं इप्का कंपनी के माध्यम से निर्मित 247 बेड का कोविड केयर सेंटर का शुभारंभ किया। सुश्री ठाकुर ने कहा कि कोविड केयर सेंटर में इप्का कंपनी द्वारा ऑक्सीजन जनरेटर की व्यवस्था की गई है। कंपनी के द्वारा इसे एयर कूल्ड भी किया गया है। उन्होंने बताया कि मरीजों के लिये अगल-अलग केबिन बनाये गए हैं। यहाँ पर कंपनी ने 100 बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित की है। इस दौरान सुश्री ठाकुर ने ऑक्सीजन प्लांट की यूनिट को देखा और उसकी कार्य प्रणाली की जानकारी ली।
मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कोविड केयर सेंटर के निर्माण के लिए कार्यरत सभी अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों को धन्यवाद एवं बधाई देते हुए कहा कि कोविड केयर सेंटर आप सब के संकल्प, समर्पण एवं इच्छा शक्ति से प्रारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि कोविड केयर सेंटर पर 247 बेड की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें 100 बेड ऑक्सीजन युक्त तथा शेष सामान्य बेड हैं। यहाँ पर कोविड-19 के मरीजों को अस्पताल जैसा ही इलाज होगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के भोजन पानी की व्यवस्था सेवा भारती की टोली द्वारा की जाएगी।
सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि कोविड केयर सेंटर में अब मरीजों का इलाज अति शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। इस कोविड केयर सेंटर को कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। मरीजों के भोजन, दवाओं आदि सभी आवश्यक व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार ने कहा कि कोविड केयर सेंटर के शुरू होने जाने से शहर में बढ़ते कोविड मरीजों का दवाब कम होगा। जो मरीज अमलतास एवं अन्य अस्पताल में जा रहे थे, अब उन्हें वहाँ जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वे यहीं पर एडमिट होकर इलाज करवा सकेंगे।
इस अवसर पर विधायक श्री राजीव खंडेलवाल, पूर्व महापौर श्री सुभाष शर्मा, कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला, नगर निगम आयुक्त श्री विशाल सिंह चौहान, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी, सीएमएचओ डॉ. एमपी शर्मा सहित अन्य जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
#JansamparkMP
#MPFightsCorona
0 टिप्पणियाँ