नगरीय आवास एवं विकास राज्यमंत्री एवं कोविड हेतु जिले के कोविड प्रभारी मंत्री श्री ओपीएस भदौरिया की अध्यक्षता में आज जिला पंचयात भिण्ड के सभाकक्ष में डिस्ट्रिक्ट क्राईसेस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु शासन द्वारा जारी नवीन दिशा निर्देशों पर चर्चा की गई एवं ग्रुप के सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किये गये।
बैठक में नगरीय आवास एवं विकास राज्यमंत्री एवं कोविड हेतु जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओपीएस भदौरिया ने बैठक में कहा कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते हुए प्रभाव की रोकथाम हेतु प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन समुचित कदम उठा रहा है। इसमें सामाजिक संस्थायें एवं आमजन भी भरपूर सहयोग दे रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ना अति आवश्यक है इसके लिए हम सब को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हॉटस्पॉट से जिले में आ रहे व्यक्ति अपना स्वास्थ परीक्षण अवश्य करवायें एवं स्वयं को 7 दिन के लिए क्वारंटाइन रखें, सभी लोग मास्क आवश्यक रूप से पहने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। प्रभारी मंत्री श्री भदौरिया ने कहा कि इस भयानक संक्रमण से निजात पाने हम सब को मिलकर कार्य करना होगा और जन जागरूकता बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तेदी के साथ कार्य कर रहा है। प्रभारी मंत्री श्री भदौरिया ने कोविड वैक्सिनेशन कार्यक्रम की भी जानकारी प्राप्त की एवं उन्होंने सभी 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों से अपील भी की है कि सभी अपना टीकाकरण अवश्य करवायें। क्षेत्रीय विधायक श्री संजीव सिंह ने भी बैठक में कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु अपने सुझाव दिए साथ अन्य विषयों पर भी चर्चा की।
कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने कोरोना संबंधित विभिन्न जानकारियों से भी राज्यमंत्री, विधायक एवं समिति सदस्यों को अवगत करवाया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह, सीएमएचओ डॉ अजीत मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि सहित डिस्ट्रिक्ट क्राईसेस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ