प्रयागराज। बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रयागराज आगमन की सूचना का लोगों ने स्वागत किया है। माघ मेले में निःशुल्क दवा वितरित कर रहे डॉ एसपी सिंह ने कहा कि प्रयागराज की धरती पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर का स्वागत है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जो काम कर रहे हैं वह समाज के लिए उत्तम है। नीरज सिंह ने बताया कि जो लोग धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध कर रहे हैं या तो वह उनसे ईर्ष्या रखते हैं या उन्हें सनातन धर्म से परहेज होगा। निश्चित तौर पर हम सभी युवा शास्त्री का स्वागत करते हैं और हमें यह उम्मीद है प्रयागराज के लोग भी बालाजी के दरबार में अर्जी लगाकर अपनी समस्याओं का समाधान पाएंगे। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दो फरवरी को प्रयागराज में पहली बार दरबार लगाएंगे। सुरक्षा के कारण उन्हें प्रशासन की ओर से पहले अनुमति नहीं मिल रही थी लेकिन शुक्रवार को कार्यक्रम करने की अनुमति दे दी गई।

0 टिप्पणियाँ