भोपाल। मप्र के नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह ने ईडी से मिले नोटिस पर अपना जवाब दिया। पीसीसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर डॉ. गोविन्द सिंह ने अपना पक्ष रखा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुझे डाक के जरिए 13 जनवरी को ईडी दिल्ली ने एक समन भेजा। मुझे 24 जनवरी को जब वह समन मिला तो उसमें कोई कारण नहीं लिखा था। सिर्फ 27 जनवरी को सुबह 11 बजे दिल्ली ईडी के दफ्तर में पेश होने को कहा गया था। मैंने अपने वकीलों कपिल सिब्बल और विवेक तन्खा से राय ली तो उन्होंने भी कहा कि ऐसा नोटिस पहले कभी नहीं देखा, जिसमें कोई कारण बताए बिना बुलाया गया हो। डॉ गोविन्द सिंह ने कहा- चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी के नेताओं का मनोबल गिराने के लिए ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं ने अपना काम शुरू कर दिया है। हम डरने वाले नहीं हैं। हम इस मामले को लेकर ईडी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। हमारे वकील इसकी तैयारी कर रहे हैं। पीसीसी में मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा- कि मप्र में नवंबर-दिसंबर में चुनाव हैं। इसलिए मप्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस के नेताओं को ईडी परेशान और प्रताडित करने का काम कर रही है। मैं खेती, किसानी करने वाला आदमी हूं।

0 टिप्पणियाँ