मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत् 32 जोड़ों का हुआ विवाह एवं निकाह
सहकारिता मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ने दिया आशीर्वाद...
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ अरविन्द सिंह भदौरिया के मुख्य आतिथ्य में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग अन्तर्गत मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह के सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन बौरेश्वर धाम ग्राम दुल्हागन में किया गया। इस सामूहिक विवाह के अवसर पर मंत्रोच्चारण के साथ उपस्थित वर एवं वधू ने स्टेज पर एक दूसरे को वरमाला पहनाई।
इस दौरान सांसद श्रीमती संध्या राय, कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, एसपी श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत श्री जेके जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कॉपरेटिव बैंक पूर्व चेयरमैन श्री केपी सिंह, एसडीएम भिण्ड-अटेर श्री उदयसिंह सिकरवार, प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण तथा कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री अब्दुल गफ्फार सहित अन्य अधिकारी, 32 वर-वधु एवं उनके परिजन उपस्थित थे।
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ अरविन्द सिंह भदौरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना उन गरीब व्यक्तियों के लिये लाभकारी सिद्ध हो रही है, जो लोग अपनी बेटी की शादी गरीबी के कारण नहीं कर पाते हैं। शादी में समय पर अच्छा सामान भी नहीं दे पाते थे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह से बड़ा कोई दान नहीं है। सामूहिक विवाह सम्मेलन सर्वसमाज के लिये पुनीत कार्य है। इस पुनीत कार्य में सरकार के साथ-साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब किसी भी परिवार में बेटी बड़ी होने लगती है तो माता-पिता को उसके विवाह के साथ-साथ दान-दहेज की चिन्ता सताने लगती है। इसलिए आज प्रत्येक समाज के लोग सामूहिक विवाह की ओर जुड़ रहे हैं और बहुत सारी ऐसी संस्थाऐं हैं जो इस प्रकार के आयोजन में अग्रणी भूमिका अदा कर रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की एक अग्रणी पहल है। इससे गरीब वर्ग के लोग जो कन्या के विवाह हेतु चिन्तित रहते हैं उनकी परेशानी हल हो जाती है।
सामूहिक विवाह सम्मेलन सभी समाजों की आवश्यकता बनते जा रहे हैं। सम्पन्न समाज भी अब सामूहिक विवाह सम्मेलन में अपने बच्चों का विवाह कर रहे हैं। विवाह सम्मेलन आज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विवाह सम्मेलन में जहां शादी करने वालों को आर्थिक लाभ होता है वहीं सामाजिक समरसता भी आती है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को अपने बच्चों का विवाह सामुहिक विवाह सम्मेलन में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भिण्ड जिले के विकास खण्ड अटेर की 32 लड़कियों की मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना में आज शादी की जा रही है। प्रदेश सरकार की पहल पर प्रत्येक जोड़े को 55 हजार रूपये देने का प्रावधान है। जिसमें 38 हजार रूपये का सामान, 11 हजार रूपये नगदी चेक एवं 6 हजार रूपये आयोजन कर्ता समिति को खर्च करने हेतु दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े को रेडियो, 6 फाइवर कुर्सी का सेट टेबल के साथ, टेबल फेन, दीवाल घड़ी, डाइनिंग टेबल 6 कुर्सी सहित, 51 स्टील के बर्तन, कलर टी.व्ही 32 इंच, स्टील की अलमारी, लोहे का निवार का पलंग, रजाई गद्दा, तकिया 2 चादर, चांदी आभूषण, प्रेशर कुकर, पायल बिछिया, माथा टीका, मंगलसूत्र (70 टंच) वधू के वस्त्र साडी, ब्लाउज, पेटीकोट, एवं चूड़ियां श्रंगार की सामग्री के अलावा वर-वधु को 11 हजार रूपये चैक के रूप में प्रदान किये गये।
सांसद श्रीमती संध्या राय ने विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी यह संकल्प लें कि बुरी आदतों को नहीं अपनायें और भारतीय संस्कृति और परंपरा को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत् प्रशासन द्वारा बौरेश्वर धाम ग्राम दुल्हागन में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें 32 जोड़ों का विवाह/निकाह कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीब कन्याओं के विवाह के लिये यह योजना चलाई जा रही है। जिससे गरीब परिवारों पर कन्या के विवाह का बोझ न रहे। उन्होंने कहा कि सभी वर-वधु अपने जीवन को सुखमय बनाएँ। प्रदेश सरकार ने उनके विवाह में सहयोग किया है, शादी के बाद वे अपने जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करें।

0 टिप्पणियाँ