नई दिल्ली । दिल्ली में एमसीडी चुनाव को लेकर इस समय चुनाव प्रचार जोरों पर है। इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग की अनुमति के बगैर शाहीन बाग इलाके में चुनावी सभा करने को लेकर सवाल करने पर कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान ने एक पुलिसकर्मी से अभद्रता की। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में शाहीन बाग थाने में आईपीसी की धारा 186 और 353 (मारपीट और सरकारी कर्मचारी को जबरन काम करने को रोकना) में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार नगर निगम चुनाव में शाहीन बाग से कांग्रेस प्रत्याशी अरीबा खान के पिता आसिफ मोहम्मद खान तैयब मस्जिद के सामने 20-30 लोगों को संबोधित कर रहे थे। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) ईशा पांडेय ने बताया कि जब उपनिरीक्षक अक्षय ने आसिफ मोहम्मद खान से पूछा कि क्या उनके पास इस सभा की अनुमति है तो आसिफ नाराज हो गए और अक्षय के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। वहीं आसिफ मोहम्मद खान का दावा है कि उन्हें पता चला था कि आप प्रत्याशी मतदाताओं को नकदी बांट रहे हैं जिसके बाद वे तैयब मस्जिद गए थे। बता दें एमसीडी चुनाव प्रचार के लिए शनिवार को तीन विधानसभाओं के 10 निगम वार्ड में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया मैराथन जनसंवाद करेंगे। मनीष सिसोदिया का आज शाम चार बजे से लेकर रात नौ बजे तक तीन विधानसभा आरके पुरम महरौली और छतरपुर के अंदर 10 वार्डों में एमसीडी चुनाव पर जनसंवाद है। बीजेपी की तरफ से कुल 21 नेता मंत्री सांसद सीएम और पूर्व मुख्यमंत्री 74 सभाओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से लेकर गिरिराज सिंह तक जनसभा करेंगे। हरियाणा के सीएम से लेकर उत्तराखंड सीएम तक शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री सांसद मुख्यमंत्री गोवा के सीएम से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री बीजेपी के कई कद्दावर नेता एमसीडी की चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
0 टिप्पणियाँ