==============!===!=
क्षेत्रीय विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नाथूसिंह गुर्जर द्वारा उज्ज्वला 2.0 के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरण कार्यक्रम का नगर पालिका भिण्ड के प्रांगण में शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में एसडीएम भिण्ड श्री उदयसिंह सिकरवार, प्रभारी खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्री रविशंकर गौर सहित गैस एजेंसियों के संचालक सहित शहरी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
क्षेत्रीय विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को आर्थिक, समाजिक एवं शैक्षणिक स्तरों पर सशक्त बनाने हेतु महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण एवं उनके उत्थान के लिए अनेकों जन कल्याणकारी योजनायें संचालित की हैं। जिसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना भी एक है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत् जो गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं वह गरीबी रेखा के नीचे के पात्र हितग्राही हैं। गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं को खाना बनाने में जहां आसानी होगी वहीं धुएं से भी निजात मिलेगी और आंखों को भी नुकसान नहीं होगा। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री संजीव सिंह कुशवाह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नाथूसिंह गुर्जर द्वारा हितग्राहियों को कार्यक्रम से मुफ्त गैस कनेक्शन एवं चूल्हे का वितरित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नाथूसिंह ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पशुचिकित्सा महाविद्यालय ग्राउंड, जबलपुर से प्रधानमंत्री उज्जवला योजना (2.0) के अंतर्गत निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरण कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसका अतिथियों एवं हितग्राहियों द्वारा अवलोकन किया गया।

0 टिप्पणियाँ