#CORONA_MP
कोरोना की चेन तोड़ने का नया प्लान
भोपाल।
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए अब तक के सभी प्रयास कारगर साबित नहीं हो पाए हैं। पहले नाइट कर्फ्यू फिर वीक एंड में लॉकडाउन और अब कोराेना कर्फ्यू। बावजूद, संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही। 24 अप्रैल को भी 13 हजार से ज्यादा केस मिले। सरकार अब संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए नए प्लान लागू करने जा रही है।
मंत्रालय सूत्रों ने बताया, सरकार का फोकस अब माइक्रो कंटेंनमेंट जोन पर रहेगा। यहां सख्ती भी की जाएगी। यह प्रयोग मुंबई में किया जा चुका है। यानी जिस अपार्टमेंट या मोहल्ले में ज्यादा संक्रमित होंगे। वहां टेस्ट, ट्रैसिंग व ट्रीट पर ताकत झोंकी जाएगी, ताकि संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार देर शाम जिलों के प्रभारी सचिवों (सीनियर आईएएस अफसर) की बैठक बुलाई थी। इसमें हर जिले के ऐसे इलाकों की प्लानिंग मांगी गई है। इसके बाद प्रदेश का प्लान तैयार कर उसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए बताया, प्रदेश में संक्रमितों की संख्या स्थिर हो रही है। पॉजिटिविटी रेट भी घटकर 23% हो गया है। उन्होंने माइक्रो कंटेंटमेंट जोन बनाने पर जोर देते हुए बताया कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में इसे सम्मिलित किया जा रहा है। ऑक्सीजन की आपूर्ति के प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने मरीजों के परिजनों से अपील की है, वे अस्पताल ना जाएं। संक्रमण फैलने से रोकने में सहयोग करें।उन्होंने यह भी कहा कि इस लड़ाई में सेनापति डॉक्टर्स, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ हैं। कोरोना वॉरियर्स का सम्मान करिए और उनका सम्मान बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्ट्रीट वेंडर्स के खाते में एक हजार रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ